यमुनानगर: गर्भाशय कैंसर से बचाव की दिशा में एचपीवी वैक्सीन पर जिला प्रशासन का फोकस
यमुनानगर, 02 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में आयोजित एक बैठक के दौरान जिला प्रशासन ने एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और सरपंच मौजूद रहे, जहां किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। उपायुक्त प्रीति ने गुरुवार काे अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में गंभीर बीमारियों, विशेषकर गर्भाशय कैंसर का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
यह वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है तथा किशोरियों के स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही अन्य आयु वर्ग के लोग भी चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार इसका लाभ ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की शंका होने पर स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करें और सही जानकारी प्राप्त करें। उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि गांव स्तर पर जागरूकता फैलाना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने सरपंचों से आग्रह किया कि वे स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी और जागरूकता से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने से न केवल व्यक्तिगत जीवन बेहतर होता है, बल्कि पूरे समुदाय को इसका लाभ मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

