भ्रष्टाचार की जांच के घेरे में आए अकांउट ऑफिसर ने सचिवालय की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या की

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 04 मई (हि.स.)। हरियाणा सिविल सचिवालय में साेमवार काे एक हरियाणा बिजली उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) में अकाउंट ऑफिसर ने आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने से अफरा-तफरी मच गई। मृतक बलवंत सिंह हरियाणा बिजली उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) में अकाउंट ऑफिसर थे और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के करीब 590 करोड़ रुपये के फ्रॉड केस में उनका नाम सामने आया था।

बताया गया कि पंचकूला निवासी बलवंत सिंह हरियाणा बिजली उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) में अकाउंट ऑफिसर थे। सोमवार को वह विजिटर पास बनवाकर सचिवालय के अंदर दाखिल हुए। उनका पास सुबह 9:42 बजे बना और 10:22 बजे उन्हाेंने एंट्री की। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह पांचवीं मंजिल पर एक अधिकारी से मिलने आए थे, लेकिन कुछ ही देर में वे 8वीं मंजिल पर पहुंचे और वहीं से कूदकर उन्हाेंने जान दे दी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह पांचवीं मंजिल का काम बताकर आठवीं मंजिल पर कैसे पहुंचे और अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने आत्महत्या कर ली। घटना के तुरंत बाद पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार को सूचित कर दिया गया है। सचिवालय जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, बलवंत सिंह का नाम आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के करीब 590 करोड़ रुपये के फ्रॉड केस में सामने आया था। 1 मई को हरियाणा सरकार ने बलवंत सिंह के खिलाफ 17ए के तहत कार्रवाई की मंजूरी दी थी। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है। बताया जा रहा है कि वे पहले भी जांच में शामिल हो चुके थे और सोमवार को ही उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया था। यही वजह है कि इस मौत को सीधे-सीधे चल रही जांच से जोडक़र देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बैंक फ्रॉड मामले की जांच पहले ही सीबीआई को सौंप चुके हैं। 590 करोड़ के इस कथित घोटाले में दो आईएएस अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है।

इससे पहले, इसी साल 25 फरवरी को हरियाणा सचिवालय की ही छठी मंजिल से कूदकर कर्मचारी गणेश दास अरोड़ा ने सुसाइड किया था। वे आईएएस अफसर हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story