हिसार : मुख्यमंत्री योगी की तर्ज पर अपराधियों पर नकेल कसे हरियाणा सरकार : राकेश टिकैत
जीवन कुंडू हत्या मामले में धरने पर पहुंचे किसान नेता
हिसार, 11 अगस्त (हि.स.)। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि हरियाणा में भी उत्तर प्रदेश के
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर अपराध पर नकेल कसने चाहिए और पुलिस को वैसा
ही एक्शन लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में अपराध चरम सीमा पर है।
राकेश टिकैत मंगलवार को सूर्य नगर निवासी डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड
मामले में परिजनों व ग्रामीणों द्वारा लघु सचिवालय के समक्ष दिए जा रहे धरने को संबोधित
कर रहे थे।उन्होंने कहा कि योगी सरकार की तरह अपराधियों का इंतजाम होना चाहिए, जब करनाल
में एनकाउंटर हो सकता है, तो हिसार में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि जिस परिवार का
बेटा, जिस बहन का भाई, जिस पत्नी का पति व जिस बच्चे का बाप इस दुनिया से चला गया,
उन्हें ही न्याय की मांग पर धरने पर बैठना पड़ रहा है, जो अफसोसजनक है। यदि आरोपियों
के खिलाफ दी गई शिकायत पर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह दिन देखना नहीं पड़ता
लेकिन पुलिस की लेटलतीफी की वजह से आरोपियों के हौंसले बढ़ते गए। उन्होंने कहा कि सरकार
एवं प्रशासन को इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करना
चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

