सिरसा: बरसात से फसलों को नुकसान, आसमानी बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: बरसात से फसलों को नुकसान, आसमानी बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त


सिरसा, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बेमौसमी बरसात से सरसों व गेहूं की फसलों को नुकसान हो रहा है। गुरुवार रात व शुक्रवार बाद दोपहर जिला के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बरसात के कारण किसान काफी चिंतत हैं, क्योंकि फसल पक कर तैयार है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश और हुई तो फसलों को काफी नुकसान होगा। जिले के गांव तरकांवाली में एक मकान में आसमानी बिजली गिरने से मकान में दरारें आ गई और बिजली उपकरण जल गए। हादसे में एक युवती भी घायल हो गई।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात चंदूराम वर्मा के घर में आसमानी बिजली गिरी जिससे मकान में जगह-जगह गहरी दरारें आ गई। चंदूराम ने बताया कि आसमानी बिजली घर की पानी की टंकी को चीरते हुए सीधे चौबारे पर गिरी, जिससे उसका मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घर में मौजूद बिजली उपकरण पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज और एलसीडी जलकर नष्ट हो गई। उसने बताया कि घटना में उसे लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।

चंदूराम ने बताया कि उसकी बेटी ज्योति इस घटना में घायल हो गई। उसे सिरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अब उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। चंदूराम ने बताया कि वह हिस्से पर जमीन लेकर परिवार का पालन पोषण कर रहा है। पीडि़त परिवार ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस प्राकृतिक आपदा में हुए भारी नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story