कैथल: होटल में देह व्यापार के आरोप में दो के खिलाफ केस
कैथल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। कलायत के एक होटल में देह व्यापार करवाए जाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, गांव करसिंदू निवासी सोनू और खरल निवासी अनिल पर कैथल, जींद सहित अन्य स्थानों से युवतियों को होटल में बुलाकर अनैतिक गतिविधियां करवाने का आरोप है। दोनों पर ग्राहकों से रुपये लेने और युवतियों को कमीशन देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर कलायत स्थित ब्लू स्टार होटल में छापेमारी की थी। कार्रवाई डीएसपी बीरभान के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने मौके से तीन युवतियों, होटल संचालक और दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान युवतियों ने पुलिस को बताया कि सोनू और अनिल उन्हें होटल में बुलाते थे।
डीएसपी बीरभान की शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की जांच के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पकड़े गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

