अस्पतालों में न हो आग की घटनाएं, सरकार खर्च करेगी सौ करोड़

WhatsApp Channel Join Now


प्रदेश में सौ नए स्वास्थ्य उप केंद्रों की होगी स्थापना

चंडीगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री बजट पेश करते हुए प्रदेश में 100 नए स्वास्थ्य उप केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना का प्रस्ताव है। जिला अस्पतालों, उपमंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अग्निशमन प्रणालियों को सुदृढ़ करने के लिए 100 करोड़ के आवंटन से एक नई पहल शुरू करने का प्रस्ताव है। स्वास्थ्य विभाग, आयुष और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और ईएसआई की सभी योजनाओं के प्रस्तावों के लिए वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान की तुलना में 11,507.11 करोड़ को 21.73 फीसदी से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में 14,007.29 करोड़ करने का प्रस्ताव है।

सभी जिला अस्पतालों में स्वच्छता में सुधार, उन्नत शौचालय, बेहतर टाइल कार्य और बेहतर बाहरी स्वरूप देने का कार्य जून 2026 तक पूरा किया जाएगा। आज तक 18 जिलों में सीटी स्कैन, 07 जिलों में एमआरआई सेवाएं और सभी जिलों में अल्ट्रासाउंड सेवाएं और बल्ड एनालाइजर सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। शेष जिलों में सीटी स्कैन, एमआरआई व डिजिटल एक्सरे मशीनें 30 जून 2026 तक उपलब्ध करवा दी जाएगी। हिसार और झज्जर के जिला अस्पतालों के लिए सभी आवश्यक स्वीकृतियां जारी कर दी गई है।

दोनों जगह निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अब वर्ष 2026-27 में जिला अस्पताल फरीदाबाद को 200 से 400 बिस्तरीय और जिला अस्पताल सोनीपत व रेवाड़ी को 200 से 300 बिस्तरीय अस्पताल में अपग्रेड करने का प्रस्ताव है। जिला अस्पताल गुरुग्राम के 400 बिस्तरीय, रेवाड़ी व हिसार के 300 बिस्तरीय, चरखी दादरी, हांसी, झज्जर व मांडी खेड़ा के जिला अस्पतालों में अतिरिक्त 100 बिस्तरीय भवनों के निर्माण को भी वर्ष 2026-27 में शुरू किया जाएगा।

एसडीएच नरवाना, नूह के 100 बिस्तरीय और एसडीएच बरवाला और लोहारू के 50 बिस्तरीय भवन के निर्माण को शुरू किया जाएगा। वर्ष 2026-27 में अंबाला के श्री पंजोखरा साहिब, पलवल के हसनपुर और मंडकोला, नूह के नगीना और घासेड़ा, रेवाड़ी के धारूहेड़ा, कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद और गुरुग्राम के वजीराबाद और दौलताबाद के 09 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपग्रेड करने का प्रस्ताव है।

फरीदाबाद के जसाना और मंझावली, गुरुग्राम के रिठौज, सिघरावली और रणसिका, जिला महेंद्रगढ़ के खातोदड़ा, नूह के साकरस, शाह चोखा, चंदेनी, लोहिंगा कलां और टाई, पलवल के गहलब, बघोला और धातीर, रेवाड़ी के टींट, कुरुक्षेत्र के थाना और जींद के पिपलथा में 17 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना करने का भी प्रस्ताव है।

सरकार का 18 स्थानों महर्षि च्यवन चिकित्सा महाविद्यालय कोरियावास, श्री अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय छांयसा, जिला अस्पताल हांसी, उपमंडल अस्पताल नारायणगढ़, लाड़वा, सिवानी, टोहाना, बल्लभगढ़, पटौदी, असंध, गोहाना, गुहला, नरवाना, महम, डबवाली, कोसली, महेन्द्रगढ़ व कनीना में नए डायलिसिस केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। जिला अस्पताल यमुनानगर और हिसार, बहादुरगढ़ और सोनीपत के उपमंडल अस्पतालों सहित करनाल और भिवानी के मेडिकल कॉलेजों में 06 नए कैथ लैब स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अपने सकंल्प पत्र में यह संकल्प किया था कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रतिवर्ष एक निशुल्क मास्टर स्वास्थ्य जांच का आयोजन करेंगे। आय मानदंड की परवाह किए बिना निरोगी हरियाणा योजना को प्रदेश के 70 वर्ष से बड़े सभी नागरिकों को उन्हें निशुल्क रक्त जांच सुविधा दी जाएगी।

किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी 23 जिला अस्पतालों में अमृत फामेर्सी स्टोर खोले जाएंगे। एनसीआर जिलों के गांवों में खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 28 नई खाद्य परीक्षण वैन खरीदी जाएंगी। साथ ही दवा नमूनों की जांच के लिए पंचकूला और करनाल में दो नई औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story