घायलों का प्राइवेट इंपैनल अस्पतालों में भी होगा इलाज

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कहा है कि वर्तमान में पलवल से बल्लभगढ़ के बीच ट्रामा सेंटर बनाने की कोई योजना नहीं है। अलबत्ता घायलों के उपचार के लिए पहले से ही अस्पताल मौजूद हैं। शुक्रवार को विधानसभा में पृथला के विधायक रघुवीर तेवतिया के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने यह जानकारी दी। इस मुद्दे पर विधायक तथा मंत्री के बीच जब बहस हुई तो मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बीच में हस्तक्षेप किया।

विधायक द्वारा पलवल से लेकर बल्लभगढ़ के बीच 2300 उद्योगों का हवाला देते हुए ट्रामा सेंटर खोलने की मांग उठाई गई। जिसके जवाब में आरती राव ने आसपास के एक दर्जन अस्पतालों की सूची सदन में रखते हुए कहा कि घायलों के इलाज के लिए पहले से ही कई केंद्र उपलब्ध हैं।

आरती राव ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा केंद्र सरकार की पीएम राहत (सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए अस्पताल में भर्ती और सुनिश्चित उपचार)योजना शुरू की जा चुकी है। इसके दायरे में अब सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र के इंपैनल अस्पताल भी आ रहे हैं। जो अस्पताल आयुषमान के दायरे में आते हैं, उनमें भी किसी भी घायल का डेढ लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। इस संबंध में हरियाणा सरकार की तरफ से सभी अस्पतालों को गाइडलाइन जारी की गई है। यह योजना 19 फरवरी को लागू की गई है। केंद्र के साथ ही हरियाणा ने भी इस योजना को धरातल पर लागू कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story