हिसार : कुम्हार महासभा ने खिलाड़ी को नकद पुरस्कार से किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : कुम्हार महासभा ने खिलाड़ी को नकद पुरस्कार से किया सम्मानित


एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के साथ भारतीय रिकॉर्ड बनाने वाली

पूजा की संघर्षपूर्ण उपलब्धियों को सराहा

हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिसार कुम्हार महासभा की ओर से हाई जंप खिलाड़ी

पूजा को खेलों में शानदार उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति प्रमाण पत्र और 21 हजार रुपये

की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। गांव बोस्ती निवासी पूजा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर

पर हाई जंप में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है।

महासभा के प्रधान भजनलाल ने गुरुवार काे बताया कि पूजा के पिता हंसराज राजमिस्त्री का काम

करते हैं, जबकि मां किरण देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के

बावजूद पिता ने बेटी को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए काफी संघर्ष किया। पूजा ने शुरुआती

दौर में बांस की बल्लियों और भूसे के अस्थायी गद्दे से अभ्यास शुरू किया। कोच बलवान

ने भी उसे पूरा सहयोग और मार्गदर्शन दिया। मेहनत और लगन के बल पर पूजा ने हाई जंप में

अपनी विशेष पहचान बनाई।

भजनलाल ने कहा कि कुम्हार समाज की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन

कर समाज और देश का गौरव बढ़ाया है। उसकी उपलब्धियों को देखते हुए महासभा की ओर से सम्मानित

करना समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पूजा

ने जिस तरह खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई, वह अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक

है।

पूजा की उपलब्धियों की बात करें तो वर्ष 2026 की एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप,

हांगकांग में उन्होंने 1.93 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया भारतीय

रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 2025 की एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप, दक्षिण कोरिया में 1.89

मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2023 में एशियाई अंडर-18 चैंपियनशिप,

ताशकंद में स्वर्ण, एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप, दक्षिण कोरिया में रजत तथा कॉमनवेल्थ

यूथ गेम्स, त्रिनिदाद और टोबैगो में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2022 की जूनियर नेशनल प्रतियोगिता

में स्वर्ण पदक के साथ 1.76 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था। वर्ष 2023 के एशियन

गेम्स, चीन में 1.80 मीटर की छलांग के साथ छठा स्थान हासिल किया, जबकि 2024 की वर्ल्ड

अंडर-20 चैंपियनशिप के फाइनल में नौवां स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर कुम्हार महासभा के उपाध्यक्ष भाग चंद वर्मा, महासचिव दीपक वर्मा,

कांग्रेस सेल के ओबीसी के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष वर्मा सहित पूजा के परिजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story