सिरसा: जिलेभर में उल्लास व उमंग के साथ मनाया होली पर्व

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: जिलेभर में उल्लास व उमंग के साथ मनाया होली पर्व


सिरसा: जिलेभर में उल्लास व उमंग के साथ मनाया होली पर्व


सिरसा, 04 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले में बुधवार को होली पर्व उल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा होली मिलन समारोहों का आयोजन किया गया। खासकर युवाओं व बच्चों में उमंग व जोश देखा गया। एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी गई। पुलिस प्रशासन की हुड़दंगबाजों पर पैनी नजर रही। चौक-चौराहों पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। सिरसा के श्याम बगीची, तारा बाबा कुटिया, प्रेम नगर स्थित बद्रीनाथ मंदि सहित अनेक स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।

सिरसा के एसपी आवास पर भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी जवानों को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डीजे व ढोल की धुन पर अधिकारियों एवं जवानों ने एक-दूसरे के साथ रंगों के इस पावन पर्व का आनंद लिया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम में एएसपी फैसल खान, प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव, डीसीपी संजीव बल्हारा सहित जिला के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण पूरी तरह उत्साह, उमंग और पारिवारिक सौहार्द से ओत-प्रोत रहा।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि जिस प्रकार होली को रंगों का त्योहार कहा जाता है, उसी प्रकार यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, सफलता, समृद्धि और खुशहाली के विविध रंग लेकर आए। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट मोड़ पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से ड्राइविंग करने तथा हुड़दंगबाजी कर शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे का प्रयास करेगा तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story