होडल-नूंह-बिलासपुर फोरलेन को 616 करोड़ की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
होडल-नूंह-बिलासपुर फोरलेन को 616 करोड़ की मंजूरी


चंडीगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा की कनेक्टिविटी को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने होडल-नूंह-बिलासपुर मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 616.01 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। 71 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआरपीबी) की ऋण सहायता से किया जाएगा। स्थायी वित्त समिति से भी परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है।

शुक्रवार को लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इजराइल के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। यह परियोजना क्षेत्रीय यातायात दबाव को कम करने और दिल्ली-एनसीआर से सटे इलाकों को बेहतर सडक़ नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में अहम मानी जा रही है। फोरलेन निर्माण के दौरान कई स्थानों पर पेड़ों की कटाई आवश्यक होगी।

इसके बदले करीब 80 हेक्टेयर भूमि पर वनीकरण किया जाएगा। वन विभाग ने जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्री के अनुसार, वन मंजूरी और एनसीआरपीबी से ऋण की अंतिम स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। परियोजना पूरी होने पर होडल, नूंह और बिलासपुर के बीच यातायात सुगम होगा और औद्योगिक व कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story