सिरसा: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक मिलना देश के लिए गौरव का क्षण: सविता पूनियां

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक मिलना देश के लिए गौरव का क्षण: सविता पूनियां


सिरसा: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक मिलना देश के लिए गौरव का क्षण: सविता पूनियां


सिरसा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली गोलकीपर सविता पूनिया के पैतृक गांव जोधकां पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। सविता पूनियां सोमवार देर शाम गोल्ड मेडल जीतने के बाद गांव पहुंची तो आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए पहुंचे। बच्चों और ग्रामीणों ने नाच-गाकर सविता की उपलब्धि का जश्न मनाया।

इस मौके पर खिलाड़ी सविता पूनिया ने कहा कि टीम को एशियन गेम्स में स्वर्ण का पूरा भरोसा था। चीन को हराकर लक्ष्य हासिल करना खास रहा। 44 साल बाद भारतीय महिला हॉकी टीम को एशियन गेम्स में स्वर्ण मिलना पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।

उन्होंने कहा कि स्वर्ण के साथ टीम ने ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। अब लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। सविता ने सरकार की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिल रहा है। सविता ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें। खासकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए परिवार का पूरा सहयोग मिलना चाहिए।

खिलाड़ी सविता के पिता महेंद्र पूनिया ने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उन्हें बेटी और भारतीय टीम से गोल्ड मेडल की उम्मीद थी। टीम की सभी खिलाडिय़ों में स्वर्ण पदक जीतने को लेकर काफी उत्साह था। एशियन गेम्स में यह सपना पूरा हो गया है और अब सभी की निगाहें ओलंपिक पर हैं।

ग्राम पंचायत जोधकां के सरपंच आनंद स्वरूप ने कहा कि सविता हरियाणा की शान हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और शानदार नेतृत्व की बदौलत भारत की झोली में एशियन गेम्स का गोल्ड आया है। उन्होंने कहा कि सविता आज गांव के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story