बजट 2026-27 में पलवल को मिली ऐतिहासिक सौगातें : भाजपा नेताओं ने बताया विकास का रोडमैप

WhatsApp Channel Join Now
बजट 2026-27 में पलवल को मिली ऐतिहासिक सौगातें : भाजपा नेताओं ने बताया विकास का रोडमैप


पलवल, 03 मार्च (हि.स.)। प्रदेश बजट 2026-27 में पलवल जिले के लिए की गई विशेष घोषणाओं का स्वागत करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैसला, वरिष्ठ नेता सतबीर सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष (शहर) देवेंद्र गुप्ता तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व चेयरमैन जगमोहन गोयल ने इसे पलवल के विकास का नया अध्याय बताया है। नेताओं ने कहा कि बजट में जिले को खेल, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिली हैं।

नेताओं ने मंगलवार काे विशेष रूप से उल्लेख किया कि पलवल में आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। इससे जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पलवल को खेल क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

भाजपा नेताओं ने बताया कि खादर क्षेत्र को ‘ग्लोबल ग्रोथ जोन’ घोषित किया जाना जिले की आर्थिक प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने से पलवल की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया गया। सिविल अस्पताल में एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराए जाने तथा सीएचसी और पीएचसी केंद्रों को अपग्रेड किए जाने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

नेताओं ने कहा कि बाढ़ मुक्त पलवल का संकल्प जिले की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही गौसेवा के लिए गौ अभयारण्य की स्थापना और मल्टीलेवल पार्किंग सहित विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर विकास परियोजनाओं से शहर की सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story