हिसार : डीएचबीवीएन में 30 नवंबर तक बदलने होंगे 26 हजार 495 खराब बिजली मीटर
तीन से अधिक बिलिंग साइकिल से लंबित 34 हजार 525 मीटरों में से अब तक 8030
बदले
हिसार जोन में सबसे ज्यादा 17 हजार 101 मीटर लंबित
हिसार, 10 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने तीन से अधिक बिलिंग
साइकिल से लंबित सभी खराब बिजली मीटरों को 30 नवंबर तक बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया
है। निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मंगलवार काे अधिकारियों को इस काम में तेजी लाने और निर्धारित
समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निगम की 10 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, तीन से अधिक बिलिंग साइकिल से लंबित
34 हजार 525 खराब मीटरों में से अब तक 8030 बदले जा चुके हैं। अभी 26 हजार 495 मीटर
बदलने बाकी हैं। इस तरह कुल लंबित मीटरों में से करीब 23.26 प्रतिशत बदलने का काम पूरा
हुआ है।
जोनवार आंकड़ों के अनुसार, हिसार जोन में 17 हजार 101 खराब मीटर बदलने शेष
हैं। यहां अब तक 3403 मीटर बदले गए हैं, वहीं, दिल्ली जोन में 9394 मीटर बदलने बाकी
हैं, जबकि 4627 मीटर बदले जा चुके हैं।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मुख्य अभियंता (मटेरियल मैनेजमेंट) को निगम के
सभी स्टोर में पर्याप्त संख्या में बिजली मीटर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि सामग्री
की कमी के कारण फील्ड में काम प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित अधीक्षक अभियंताओं को
अपने-अपने सर्कल में कार्य की नियमित निगरानी करने और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने
को कहा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खराब मीटर बदलने के काम की साप्ताहिक प्रगति
प्रत्येक शुक्रवार को साझा की जाएगी। जिन सर्कलों में तीन से अधिक बिलिंग साइकिल से
लंबित खराब मीटरों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है, वहां शेष मीटर प्राथमिकता से
बदले जाएंगे। निगम प्रबंधन का कहना है कि खराब मीटर बदलने से उपभोक्ताओं को सही बिलिंग
की सुविधा मिलेगी। जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि निगम प्रबंधन निर्धारित समय-सीमा में
सभी लंबित खराब मीटर बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ
काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

