हिसार पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध अपराधों में 745 वारदातों काे सुलझाया

WhatsApp Channel Join Now
हिसार पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध अपराधों में 745 वारदातों काे सुलझाया


6.68 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद

हिसार, 04 जनवरी (हि.स.)। जिला पुलिस ने बीते वर्ष के दौरान जिले में कानून

व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने व संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य

से निरंतर, सुनियोजित एवं सख्त कार्रवाई की। जिला पुलिस की सभी थाना, चौकी एवं अपराध

शाखाओं ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए चोरी, गृह भेदन, लूट, छीना-झपटी, डकैती एवं

वाहन चोरी जैसे अपराधों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।

पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने रविवार काे बताया कि वर्ष 2025 में हिसार पुलिस ने

संपत्ति विरुद्ध अपराधों की कुल 745 घटनाओं को सुलझाते हुए 6 करोड़ 68 लाख रुपये मूल्य

की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की जिससेआमजन में सुरक्षा की भावना भी और अधिक मजबूत हुई

है।

वर्ष 2025 में हिसार पुलिस ने चोरी की 340 घटनाओं का खुलासा किया। इन मामलों

में 414 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनसे 3 करोड़ 29 लाख 32 हजार रुपये मूल्य

की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सूचनाओं एवं

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामलों को सुलझाया गया।

गृह भेदन की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति अपनाते हुए पुलिस

ने 172 मामलों का समाधान किया। इन मामलों में 250 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित

की गई तथा उनसे 2 करोड़ 85 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। रात्रि गश्त एवं संवेदनशील

क्षेत्रों में निगरानी को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया। लूट के 19 मामलों को सुलझाते हुए 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 28 लाख

52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई। डकैती की सभी 3 वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा

कर 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। छीना-झपटी की 20 घटनाओं में 36 आरोपियों की गिरफ्तारी

कर 2 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई। हिसार पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान

चलाया। इस अभियान के तहत 177 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 303 चोरीशुदा वाहन

बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story