हिसार : हिसार बना अपराधियों की शरण स्थली, सरकार व पुलिस का भय नहीं : वजीर पूनिया
सारे अपराध की जड़
सरेआम बिकने वाला नशा, कड़ाई से लगाई जाए रोक
एचएयू गेट के आरे
शाम के समय सरेआम होती हुल्लड़बाजी, पुलिस मौन
हिसार, 24 फरवरी
(हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस के सदस्य वजीर सिंह
पूनिया ने हिसार में दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा है कि हिसार
अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है। आए दिन हत्याएं व अन्य तरह का अपराध होना आम बात
हो गई और सरकार व पुलिस का अपराध माफिया पर कोई नियंत्रण नहीं है।
वजीर सिंह पूनिया
ने मंगलवार काे कहा कि हरियाणा की बात करें तो कम से कम 60-70 गैंग सक्रिय हैं। अकेले हिसार में
आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में सेक्टर 9-11 में एक बेकसूर व्यक्ति
को केवल इसलिए मार दिया गया कि उसने झगड़ा कर रहे युवकों को रोका था। यह घटना बहुत
ही शर्मनाक व हरियाणा की कानून व्यवस्था को चुनौती है। मुख्यमंत्री को बढ़ते अपराध
पर लगाम के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
वजीर सिंह पूनिया
ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर वहां नशा व अपराध खत्म करने की बात करते हैं
लेकिन उन्हें पहले हरियाणा की चिंता करनी चाहिए क्योंकि उन्हें हरियाणा की जनता ने
चुना है। उन्होंने कहा कि एचएयू के चार नंबर गेट के पास शाम के समय काली स्कॉर्पियो
व अन्य गाड़ियों में बदमाश गाड़ियों में खड़े रहते हैं और हुल्लड़बाजी करते रहते हैं।
इसके चलते आम जनता का अपनी बहन बेटियों के साथ वहां जाना भी मुश्किल हो गया है और पुलिस
प्रशासन का इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं है। वहां पर एक पीसीआर खड़ी होती है लेकिन वह नाम
मात्र पीसीआर है और पीसीआर वाले किसी को कुछ नहीं कहते। उन्होंने कहा कि सारे अपराध
की जड़ सरेआम बिकने वाला नशा है। यदि प्रशासन व पुलिस के अधिकारी कड़ाई से इस नशे पर
रोक लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो अपराध पर भी अंकुश लगाया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

