सोनीपत: हिंदू जगेगा तो पूरा विश्व जगेगा: दयानंद सरस्वती
- विराट हिंदू सम्मेलन में
हिंदुत्व जागरण का संदेश
सोनीपत, 01 मार्च (हि.स.)। सोनीपत जिले के शहजादपुर गांव में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्म और अध्यात्म के प्रख्यात विद्वान दयानंद सरस्वती महाराज
ने कहा कि समाज में हिंदुत्व का जागरण आवश्यक है। उन्होंने जाति-पाति के भेदभाव को
भुलाकर सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उनका संदेश था हिंदू जगेगा तो पूरा विश्व जगेगा।
उन्होंने अपनी संस्कृति, राष्ट्र और देश के प्रति समर्पण की अपील की।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य
में आयोजित किया गया। सोनीपत जिले में 103 स्थानों पर ऐसे सम्मेलन हो रहे हैं। रमेश
बजाज ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदुओं को संगठित करना है। बिना किसी
जाति, ऊंच-नीच के भेदभाव के सभी एक हैं और गर्व से हिंदू हैं। इसका लक्ष्य समाज, धर्म
और देश की उन्नति के लिए कार्य करना है।
नौजवानों ने पैदल पदयात्रा निकालकर श्रद्धा-भक्ति और देशभक्ति का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक नीरज ठरू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू एक
है, एक था और एक ही रहेगा। हिंदुत्व हमारी जान है और खून में बसता है। उन्होंने राम
और कृष्ण के आदर्शों का जिक्र करते हुए मर्यादा, सत्य और भारतीय सभ्यता की रक्षा की
बात कही। युवाओं को राजनीति और धर्म के समन्वय के साथ देश के निर्माण में आगे आने का
आह्वान किया।
उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के संदेश को दोहराया बंटोगे तो कटोगे, साथ रहोगे
तो बढ़ोगे। पूरा कार्यक्रम हिंदू एकता, देशभक्ति और सकारात्मकता के संदेश से भरा रहा।
हजारों लोग शामिल हुए और जय श्री राम के उद्घोष से माहौल गूंज उठा। यह सम्मेलन हिंदुत्व
के प्रति नई पीढ़ी में जोश और एकजुटता जगाने में सफल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

