यमुनानगर:हरिद्वार जाने निकला युवक हाईवे किनारे पेड़ से लटका मिला

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:हरिद्वार जाने निकला युवक हाईवे किनारे पेड़ से लटका मिला


यमुनानगर, 25 मई (हि.स.) सहारनपुर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यमुनानगर के तीगरा गांव के समीप सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर यमुनानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान जिला निवासी 22 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। वह एक गैस एजेंसी में कार्यरत था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विशाल रविवार को घर से हरिद्वार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अगले दिन उसका शव यमुनानगर में हाईवे किनारे पेड़ से फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि वह तीन बहनों का इकलौता भाई था।

सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि तीगरा गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जो सड़क किनारे खड़ी मिली।

पुलिस ने युवक की तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की और परिजनों को सूचना दी। दोपहर बाद परिजन यमुनानगर पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि युवक किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद से परेशान नहीं था। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story