यमुनानगर:रोडवेज बस को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर, कई यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:रोडवेज बस को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर, कई यात्री घायल


यमुनानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में सहारनपुर-पंचकूला हाईवे पर हरियाणा रोडवेज की एक बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कई यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल यात्रियों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोडवेज बस मंगलवार दोपहर निर्धारित समय पर बस अड्डे से शाहाबाद के लिए रवाना हुई थी। चालक ने बताया कि बस जैसे ही कैल गांव के समीप हाईवे पर चढ़कर अंबाला दिशा की ओर मुड़ी, उसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने तेज गति और कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस के साइड हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक थी कि बस में बैठे कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए और कुछ को चोटें आईं हैं। हादसे में बस चालक और परिचालक को भी मामूली चोटें लगी हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात दोबारा सुचारू करवाया गया। बस चालक ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक से वाहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह मौके पर आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तरसेम कुमार ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करवाई गई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story