हाईकाेर्ट के आदेश पर एसीबी ने शुरु की अवैध कॉलोनियाें की जांच

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 29 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद हरियाणा एंटी क्रप्शन ब्यूरो ने अवैध कालोनियों के विरूद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में बसी 2600 से अधिक अवैध कॉलोनियों की जांच एसीबी को सौंपी गई है।

हाईकोर्ट ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की अनुमति दी है और नगर निगम अधिकारियों की संभावित मिलीभगत की भी जांच के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में सैकड़ों अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आई है।

अवैध कॉलोनियों का मामला लगभग सभी जिलों से जुड़ा होने के कारण एसीबी ने रेंज स्तर पर अलग-अलग जांच टीमें गठित की हैं। इन टीमों की अगुवाई एसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं, जो नगर योजनाकार विभाग, नगर निगम और परिषदों से जरूरी डेटा एकत्र कर रहे हैं। जांच के तहत पिछले 10 वर्षों में बसी कॉलोनियों की पूरी जानकारी जुटाने के साथ-साथ उस समय तैनात अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सभी जिलों में एसीबी की टीमें सक्रिय हो चुकी हैं और जिला प्रशासन से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

एसीबी के महानिदेशक ए.एस.चावला के अनुसार हाईकोर्ट के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में जांच तेजी से चल रही है और सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच रिपोर्ट जल्द ही हाईकोर्ट को सौंप दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story