हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में 252 करोड़ रुपये की खरीदों को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में 252 करोड़ रुपये की खरीदों को मंजूरी


पुलिस, बिजली निगमों, एचवीपीएनएल तथा परिवहन विभाग के प्रस्तावों पर मुहर

चंडीगढ़, 19 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में विभिन्न विभागों के लिए लगभग 252 करोड़ रुपये की खरीद संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों के साथ नेगोशिएशन कर कई वस्तुओं की दरों में उल्लेखनीय कमी सुनिश्चित कर सरकारी धन के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। बैठक में हरियाणा पुलिस के लिए सुरक्षा उपकरणों की खरीद को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से 50 स्क्वेयर एमएम आकार के 18000 रैबिट कंडक्टर की खरीद को भी मंजूरी दी गई। साथ ही, एचवीपीएनएल के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से 5 प्रकार के 132/66 केवी सीएंडआर पैनल्स की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में हरियाणा परिवहन विभाग की साधारण बसों, एसी बसों, मिनी बसों तथा ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल की बसों के दो वर्ष के बीमा संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने सरकारी बीमा कंपनी यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस को पिछले वर्ष की दरों पर ही बीमा करने के लिए सहमत करवाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story