यमुनानगर: 13 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: 13 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार


यमुनानगर, 02 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने मंगलवार काे एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश की ओर से मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थों की खेप लेकर टापू माजरी क्षेत्र की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक नवीन कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर घोड़ो पीपली स्थित सरकारी विद्यालय के निकट नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने वापस लौटने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी यूनुस के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story