यमुनानगर: हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार


यमुनानगर, 05 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सेल प्रभारी अनिल कुमार ने मंगलवार को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि खिजरी गांव के आसपास एक युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास नशीला पदार्थ हो सकता है। सूचना के आधार पर एएसआई कर्मवीर, अमित तथा मुख्य सिपाही पंकज और सुल्तान की टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।

पुलिस दल ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को रोका और कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी की कार्रवाई शुरू की। तलाशी की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में जगाधरी के तहसीलदार अमित कुमार को मौके पर बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान युवक के पास से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपी की पहचान प्रतापनगर निवासी कमल के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि वह किस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है तथा नशीले पदार्थ की आपूर्ति किन क्षेत्रों में करता था। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story