यमुनानगर:हेरोइन के साथ ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:हेरोइन के साथ ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस


यमुनानगर, 13 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 51 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से ई-रिक्शा चालक है। पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब उससे पूछताछ कर नशा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित गुरु तेग बहादुर गली क्षेत्र में एक व्यक्ति मादक पदार्थ की बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना के आधार पर एएसआई कर्मबीर के नेतृत्व में गठित पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 51 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान पुराना हमीदा खड्डा कॉलोनी निवासी अब्दुल जब्बार के रूप में हुई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके विरुद्ध पहले भी अवैध शराब से संबंधित एक आपराधिक मामला दर्ज है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं नशे का सेवन करता है और पिछले लगभग दो माह से हेरोइन की अवैध बिक्री में संलिप्त था। वह सहारनपुर से ई-रिक्शा लेकर यमुनानगर में चलाता था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी मादक पदार्थ किस स्रोत से प्राप्त करता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जाती थी। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story