सेवानिवृत आईएएस व पूर्व जज भी बनना चाहते हैं एचईआरसी के चेयरमैन

WhatsApp Channel Join Now

सरकार के पास पहुंचे कुल 78 आवेदन

चंडीगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा विद्युत नियामक आयोग का अध्यक्ष बनने की दौड़ में राज्य के कई पूर्व आईएएस अधिकारी तथा पूर्व न्यायाधीश भी कतार में हैं। सरकार के पास कुल 78 आवेदन पहुंचे हैं।

हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष नंदलाल शर्मा का बीती 23 जुलाई को निधन हो गया था जिसके बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त है। राज्य सरकार ने इस पद पर नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे थे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 5 अक्टूबर शाम 5:00 बजे तक कर दिया गया। इस पद के लिए ऊर्जा इंजीनियरिंग, वित्त एवं वाणिज्य अर्थशास्त्र कानून व प्रबंधन क्षेत्र से जुड़ा होना जरूरी है।

अध्यक्ष पद के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, हाल ही में सेवानिवृत हुए एस राजशेखर वुन्डरू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रहे अरुण गुप्ता के अलावा कुछ सेवानिवृत जज समेत 22 प्रमुख दावेदार इस पद के लिए सामने आए हैं। सरकार के पास विभिन्न माध्यमों से कुल 78 आवेदन पहुंचे हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऊर्जा विभाग की कमेटी द्वारा इन आवेदनों की जांच कर पात्र उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। उसके बाद एक पैनल बनाकर चयन समिति को भेजा जाएगा।

हरियाणा सरकार द्वारा गठित चयन समिति इस पैनल में से अध्यक्ष का चयन करेगी। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया अगले एक माह के भीतर पूरी हो जाएगी इसके बाद हरियाणा विद्युत नियामक आयोग को नियमित अध्यक्ष मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story