पूर्व आईएएस अरुण गुप्ता बने एचईआरसी अध्यक्ष, उर्जा मंत्री अनिल विज ने दिलाई शपथ
चंडीगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को हरियाणा निवास में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने उन्हें अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर गुप्ता ने आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अरुण कुमार गुप्ता 1992 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस रहे हैं जो बीते माह ही सेवानिवृत्त हुए हैं। वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें एचईआरसी के सचिव तथा ऊर्जा निगमों के एमडी के रूप में सेवाएं देने के चलते ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव है।
हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग का उद्देश्य विद्युत क्षेत्र में संतुलित विकास को बढ़ावा देते हुए उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी नियामक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, एके सिंह, डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, सीजी रजनीकांथन, एचवीपीएनएल के प्रबंध निदेशक एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव विक्रम सहित अन्य अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

