जींद-रेवाड़ी में बनेंगे राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन, गुरुग्राम और फतेहाबाद में पंचकर्म अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
जींद-रेवाड़ी में बनेंगे राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन, गुरुग्राम और फतेहाबाद में पंचकर्म अस्पताल


श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय को मिलेगी नई गति, हर योगशाला के साथ बनेगा आयुष्मान आरोग्य मंदिर

चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। नायब सरकार ने विजन-2047 के तहत प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में आयुष सेवाओं के व्यापक विस्तार का रोडमैप तैयार किया है। जींद और रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन स्थापित किए जाएंगे, वहीं गुरुग्राम और फतेहाबाद में पंचकर्म अस्पताल बनाए जाएंगे। यही नहीं, हर योगशाला के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन-2047 के तहत आयुष परियोजनाओं, बजट और संकल्प पत्र से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आयुष विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि संकल्प पत्र और बजट घोषणाओं को तय समय सीमा में पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'सुरक्षित आहार' अभियान के जरिए आयुर्वेद आधारित पोषण को बढ़ावा, जींद-रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन, श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, पंचकर्म अस्पतालों तथा मेडिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इसी सोच के साथ आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि लोगों को आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का भी अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार संकल्प पत्र और बजट में की गई घोषणाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में संकल्प पत्र के तहत जींद और रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन स्थापित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रदेश की प्रत्येक योगशाला के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की दिशा में हो रहे कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की दिशा में कार्य लगातार जारी है। इसके साथ ही योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को आयुष प्रणाली के तहत मान्यता देने और उनके पंजीकरण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए सर्विस रूल तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिए गए हैं और जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

847 आयुष सहायकों, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों को किया जा रहा है प्रशिक्षित

'हरियाणा स्वास्थ्य एवं पोषण (सुरक्षित आहार)' अभियान के माध्यम से प्रदेश में आयुर्वेद आधारित संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत 847 आयुष योग सहायकों, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य कुपोषण, एनीमिया तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के साथ-साथ खेल भावना को बढ़ावा देना, आयुर्वेदिक सिद्धांतों के अनुसार पथ्य-अपथ्य का प्रचार इत्यादि करना है।

आयुष विवि में बनेगा अत्याधुनिक मेडिटेशन सेंटर

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक मेडिटेशन सेंटर और बड़े मेडिटेशन हॉल के निर्माण पर चर्चा हुई। इसके अलावा फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में आयुष पंचकर्म अस्पताल, भिवानी के प्रेम नगर में दीनदयाल उपाध्याय आयुर्वेदिक अस्पताल एवं 25 बिस्तरों वाले अस्पताल तथा गुरुग्राम के जमालपुर में पंचकर्म सुविधाओं वाली डिस्पेंसरी और अस्पताल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर और सुलभ आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story