जींद : प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति पथ पर अग्रसर : डा. मिड्ढा
जींद, 13 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा ने प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी प्रधानमंत्री ने स्वयं हाथ में झाडू थाम कर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की हो। जब देश का प्रधान ऐसा उदाहरण पेश करता है तो जनता में जागरूकता स्वत: आ जाती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति पथ पर अग्रसर है।
हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा शनिवार को केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को निदान के निर्देश दिए। डा. मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। इस कार्यकाल में न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है बल्कि अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया गया है। कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी के खात्मे का जिक्र करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि आज देश की आंतरिक सुरक्षा इतनी मजबूत है कि देश विरोधी तत्वों की सिर उठाने की हिम्मत नहीं होती।
डा. मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जो विजन 10 साल के लिए तय करते हैं, अपनी कार्यकुशलता से उसे पांच से छह वर्षों में ही पूरा कर दिखाते हैं। आज वैश्विक संकटों के दौर में भी दुनिया की महाशक्तियां भारत के बिना कोई बड़ी चर्चा पूरी नहीं कर पाती है। अपने हालिया ऑस्ट्रेलिया और बारबाडोस दौरों का अनुभव सांझा करते हुए उन्होंने बताया कि विदेशों में रह रहे भारतीय और विशेषकर हरियाणवी आज गर्व से अपना सीना चौड़ा करके चलते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

