जींद : विशेष लोक अदालत में 47 मामलों का निपटारा
जींद, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित न्यायिक परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार चेक बाउंस से संबंधित विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। विशेष लोक अदालत में कुल 129 मामलों को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया था। इनमें से 47 मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया।
इन मामलों में कुल दो करोड़ 47 लाख 68 हजार 102 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ। जिससे संबंधित पक्षों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमित सिहाग ने बताया कि विशेष लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों की विभिन्न बेंच गठित की गई थी। लोक अदालत न्याय प्राप्त करने का सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है।
इसमें मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्राधिकरण सचिव ने बताया कि आगामी 12 सितंबर को जींद, नरवाना एवं सफीदों के न्यायिक परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तीन अक्टूबर को चेक बाउंस एनआई एक्ट से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए एक और विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

