गुरुग्राम,जींद व महेंद्रगढ़ में बनेंगे सब हेल्थ सेंटर

WhatsApp Channel Join Now

हरियाणा सरकार ने दी परियोजना को मंजूरी

चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को निरंतर सुदृढ़ कर रही है, जिसके तहत गुरुग्राम, जींद और महेंद्रगढ़ जिलों में चार नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों (सब हेल्थ सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इन पर लगभग 214.96 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।

सरकारी प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि जींद जिले में 19 जुलाई, 2025 की मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत दो उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें 43.51 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सब हेल्थ सेंटर बराह कलां तथा 55 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सब हेल्थ सेंटर अनूपगढ़ शामिल हैं।

इसके अलावा, गुरुग्राम जिले में 29 मई, 2022 की मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 60.95 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सब हेल्थ सेंटर गुडाना का निर्माण किया जाएगा, जबकि नारनौल (जिला महेंद्रगढ़) में सब हेल्थ सेंटर बेवल के निर्माण के लिए 55.50 लाख रुपये का अनुमानित प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इन उप-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और स्थानीय निवासियों को अपने घर के समीप ही समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story