सोनीपत: पैसों की देनदारी के तनाव में जन स्वास्थ्य विभाग चौकीदार ने की आत्महत्या
सोनीपत, 10 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
के ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जन स्वास्थ्य विभाग के 24 वर्षीय चौकीदार हिमांशु
ने सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार वह 40 हजार रुपये
की देनदारी को लेकर तनाव में था। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची
और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की शवगृह में रखवा दिया।
हिमांशु
की मां नीतू ने बताया कि बेटे को गुरुवार को ही एक फाइनेंसर को 40 हजार रुपये देने
थे। वह कह रहा था कि पैसे नहीं दिए तो फाइनेंसर उसे उठाकर ले जाएंगे। इसी बात को लेकर
वह काफी परेशान था। नीतू के अनुसार हिमांशु ने पैसे नहीं मिलने पर क्वार्टर में गैस
सिलेंडर से आग लगाने की धमकी भी दी थी।
परिजनों
ने बताया कि हिमांशु के पिता हरबंस की करीब दो साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके
बाद उनकी जगह हिमांशु को नौकरी मिली थी। वह मां के साथ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पानी
की टंकी के पास विभाग के सरकारी क्वार्टर में रहता था। करीब 10 दिन बाद उसका जन्मदिन
था और इसी दिन नौकरी के दो साल पूरे होने थे। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है।
मामले में पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद आगे
की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

