नूंह में जुटेंगे 12 देशों के 80 प्रतिनिधि, ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था का करेंगे अध्ययन
नूंह, 26 नवंबर (हि.स.)। मेवात के नाई नंगला गांव को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने जा रही है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में 12 देशों के करीब 80 प्रतिनिधियों का दल गांव का दौरा कर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और टीकाकरण अभियान की जमीनी हकीकत से रूबरू होगा। टीकों और प्रतिरक्षण के लिए वैश्विक गठबंधन (गावी) तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से जुड़े प्रतिनिधियों का यह दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल भारत की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, बच्चों एवं महिलाओं के टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना के दिशा-निर्देशों पर विभागीय टीमें गांव में स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। जिला उपायुक्त अखिल पिलानी भी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। बुधवार को उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने गांव का दौरा किया। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण व्यवस्था और विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपी।
गुरुवार को फिरोजपुर झिरका के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने भी नाई नंगला गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने ग्रामीणों को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय दौरे की जानकारी देते हुए तैयारियों के संबंध में चर्चा की। गांव की महिला सरपंच आरिशा तफज्जुल के पति तफज्जुल हुसैन ने बताया कि पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें गांव का निरीक्षण कर चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक दिसंबर के पहले सप्ताह में विदेशी प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने की संभावना है।
प्रस्तावित दौरे के दौरान विदेशी प्रतिनिधि बच्चों और महिलाओं के नियमित टीकाकरण, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों का अध्ययन करेंगे। विशेष रूप से यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं किस प्रकार आम लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों की क्या भूमिका है। उल्लेखनीय है कि गावी की स्थापना वर्ष 2000 में विकासशील देशों में बच्चों तक जीवनरक्षक टीके पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

