जींद : बाइक सवार से प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद
जींद, 30 अगस्त (हि.स.)। गोहाना रोड पुल के नीचे बाइक सवार व्यक्ति को सीआईए स्टाफ ने काबू कर उसके कब्जे से 2400 नशीली प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर रही है। नरवाना सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि गोहाना रोड पुल के नीचे बाइक सवार व्यक्ति नशीली प्रतिबंधित गोलियों के साथ खड़ा हुआ है। जो बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने कारवाई करते हुए बाइक सवार व्यक्ति को काबू कर लिया। पुलिसकर्मियो ने जब बाइक की तलाशी ली तो प्रतिबंधित गोली लेप्रोजाम के 80 पत्ते बरामद हुए। प्रत्येक पत्ते में 30 गोलियां थी। जिनका वजन 174.40 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बाइक सवार की पहचान गांव ढाणी भाटला जिला हांसी निवासी विक्रम के रूप में हुई।
पकड़ी गई नशीली प्रतिबंधित गोलियों से संबंधित आरोपित कोई दस्तावेज नही दिखा सका। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नशीली गोलियों के साथ पकड़े गए आरोपित विक्रम के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। नरवाना सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित कहांं से गालियां लेकर आया था, कौन-कौन लोग इस कार्य से जुड़े हुए हैं, इसके बारे मे पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

