28 नवंबर को फरीदाबाद में होगा गुरु रविदास समरसता संकल्प यात्रा का भव्य कार्यक्रम : डॉ. बनवारी लाल

WhatsApp Channel Join Now
28 नवंबर को फरीदाबाद में होगा गुरु रविदास समरसता संकल्प यात्रा का भव्य कार्यक्रम : डॉ. बनवारी लाल


नूंह, 26 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 28 नवंबर को फरीदाबाद में समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य रूप से संबोधित करेंगे। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने नूंह जिले के लोगों से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

डॉ. बनवारी लाल गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय झिर कमल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 16 नवंबर को पंजाब के जालंधर जिले से समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया था। यह यात्रा 25 नवंबर को हरियाणा के यमुनानगर और कुरुक्षेत्र से होते हुए 28 नवंबर को फरीदाबाद पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। भाजपा सरकार भी संत-महात्माओं के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रही है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में प्रदेश सरकार की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसकी घोषणा कर चुके हैं। इसके अलावा गुरु रविदास के नाम पर मेडिकल कॉलेज सहित कई विकास परियोजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी ने बताया कि फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में नूंह जिले से कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले से 50 से अधिक बसों और 150 से ज्यादा अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है। विधानसभा और मंडल स्तर पर प्रमुख कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं। प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री हेमराज शर्मा, जिला सचिव दिनेश नागपाल, लाजपत राय, जिला सह-मीडिया प्रभारी जुनेद खान और करण सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र आर्य व नरेंद्र पटेल, जाहिद चेयरमैन, मंडल अध्यक्ष समय चंद, डॉ. शारिक हुसैन, ओम प्रकाश सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story