जींद : धमकी देकर पांच लाख मंथली मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : धमकी देकर पांच लाख मंथली मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार


जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। धमकी देकर पांच लाख रुपये की मंथली मांगने के दो आरोपितों को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सीआईए स्टाफ प्रभारी यादवेंद्र सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि रोहतक रोड निवासी तुषार ने गत तीन सितंबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास अलग-अलग दो मोबाइल नंबरों से कॉल आई थी। कॉल करने वालों ने खुद को डेविड, रोहित तथा रामपाल का दोस्त बताया था। जिसके साथ आरोपित ने पांच लाख रुपये मंथली की डिमांड की थी।

मंथली न देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने धमकी देकर अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। जिसकी जांच सीआईए स्टाफ को सौंपी गई थी। पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो गांव कालवा निवासी नवीन उर्फ नोनी, भिवानी रोड निवासी दिनेश उर्फ बाला का नाम सामने आया।

पुलिस ने गत छह सितंबर को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपितों से पूछताछ के दौरान रामबीर कालोनी निवासी रोहित उर्फ राणा, गांव रामराये निवासी जतिन उर्फ डेविड का नाम सामने आया था। सूचना के आधार पर कारवाई करते हुए पुलिस ने रोहित तथा डेविड का गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story