झज्जर: सात समुन्द्र पार लंदन में लगा जाट मेला, सर छोटू राम को भी किया याद

WhatsApp Channel Join Now
झज्जर: सात समुन्द्र पार लंदन में लगा जाट मेला, सर छोटू राम को भी किया याद


-मेले में 185 पुरुष, 205 महिलाएं और 80 बच्चों ने लिया भाग

-हरियाणवी गीत, कबड्डी, रस्साकसी, बच्चों की बोरी रेस और कोलड़े वाली दुल्हेंडी रहे मेले के मुख्य आकर्षण

झज्जर, 2 जुलाई (हि.स.)। सात समुन्द्र पार लंदन में शनिवार को जाट समाज यूके द्वारा छठे जाट मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रकार के हरियाणा सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। यूके में रह रहे हरियाणा के परिवारों ने मेला परिसर को एक दिन के लिए लघु हरियाणा बना दिया। इस मेले के संयोजक सेक्टर-6 बहादुरगढ़ निवासी रोहित अहलावत ने फोन पर हुई बातचीत में मेले के आयोजन की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दादा भैया खेड़ा की पूजा से हुई। उसके बाद मेले में मौजूद लोगों ने किसानों के मसीहा चौ. छोटूराम को एक गीत के माध्यम से श्रद्धांजलि देकर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। मेले में 185 पुरुष, 205 महिलाएं और 80 बच्चों ने भाग लिया। मेले का मुख्य आकर्षण हरियाणवी गीत, कबड्डी, रस्साकशी, बच्चों की बोरी रेस और कोलड़े वाली दुल्हेंडी रहे। इस मौके पार देशी खानपान को ध्यान में रखते हुए गुलगुले, मीठी सुहाली, पेठा-पूरी, कढ़ी-चावल, घेवर, जलेबी और देशी लस्सी परोसे गए। पुरुष भारतीय परिधान के अनुसार धोती-कुर्ते, कुर्ते-पायजामे और खंडवे में नजर आए, तो महिलाएं दामण-कुर्ते और सूट-सलवार में अत्यंत सुंदर लग रही थी।

इस अवसर पर निशा अहलावत, रेखा लाकड़ा और अंजलि दूहन ने मनमोहक गीत प्रस्तुत किए। वहीं सोनिया मान सांगवान ने देशी नृत्य प्रस्तुत किया। गौरी धनखड़ व न्याय धनखड़ ने डांस करके वाह-वाही बटोरी। इस कार्यक्रम में प्रवीण अहलावत, संजय देशवाल, विक्रम रावत, सॉलिसिटर ईश्वर सिंह, विजयन्त अहलावत, हरीश दिया, मोना अहलावत, विनी देशवाल और सुनीता ग्रेवाल इत्यादि ने मुख्य रूप से भागीदारी की। मेले के समापन पर भारतीय राष्ट्रीय गान जन-गण-मन की गूंज ने सिद्ध किया कि भारतीय प्रतिभा अब हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/शील/संजीव

Share this story