सिरसा: पंजाब चुनाव के लिए हरियाणा के हितों की बलि : सैलजा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पंजाब चुनाव के लिए हरियाणा के हितों की बलि : सैलजा


सिरसा, 03 मार्च (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के आगामी चुनावों को देखते हुए हरियाणा के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी रणनीति के कारण हरियाणा के अधिकारों और आवश्यकताओं की बलि चढ़ाई जा रही है।

सांसद सैलजा ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हरियाणा की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अधिक समय पंजाब में व्यतीत कर रहे हैं, जबकि राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दे उपेक्षित पड़े हैं। उन्होंने सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले अनेक वर्षों से हरियाणा के बजट में एसवाईएल नहर के लिए अलग से राशि का प्रावधान किया जाता रहा है, जो राज्य के किसानों और जल अधिकारों से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। परंतु इस वर्ष के बजट में एसवाईएल के लिए कोई पृथक प्रावधान नहीं किया गया है, जो हरियाणा के हितों के साथ अन्याय है। उन्होंने आगे कहा कि परिसीमन के बाद हरियाणा में विधानसभा सदस्यों की संख्या बढऩे की संभावना है, जिसके मद्देनजऱ नई विधानसभा भवन की आवश्यकता स्वाभाविक है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने न तो बजट में नई विधानसभा के निर्माण के लिए कोई राशि निर्धारित की है और न ही इस विषय का कोई उल्लेख किया है। यह दर्शाता है कि सरकार दूरदर्शिता और गंभीरता से काम नहीं कर रही।

सांसद कुमारी सैलजा ने प्रश्न उठाया कि क्या भारतीय जनता पार्टी चुनावी लाभ के लिए हरियाणा के अधिकारों और भविष्य की आवश्यकताओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बजट ठोस योजनाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि जुमलों और आंकड़ों के फेरबदल का उदाहरण है। वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल आंकड़ों की बाजीगरी से प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि एसवाईएल नहर पर उसकी क्या रणनीति है तथा विधानसभा निर्माण को लेकर उसका क्या दृष्टिकोण है। हरियाणा की जनता को इन प्रश्नों का जवाब मिलना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story