हिसार : गुरु जम्भेश्वर विवि को मिला प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड 2025

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : गुरु जम्भेश्वर विवि को मिला प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड 2025


कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय व हरियाणा प्रदेशवासियों को

इस पुरस्कार के लिए दी बधाई

हिसार, 17 दिसंबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय को वेटरंस इंडिया की ओर से एआईसीटीई, एनबीए, एआईयू, ईपीएसआई के संयुक्त

तत्वाधान में प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड 2025 के साथ ‘हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय’ के सम्मान से नवाजा

गया है। विश्वविद्यालय को यह पुरस्कार राष्ट्रवाद, राष्ट्र-निर्माण, भारतीय ज्ञान प्रणाली

(आईकेएस), मूल्य-आधारित शिक्षा, सामुदायिक जुड़ाव और सामाजिक उत्तरदायित्व में उत्कृष्टता

के लिए प्रदान किया गया है। भव्य पुरस्कार समारोह नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर

में आयोजित हुआ। भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समारोह में मुख्यातिथि के रूप

में उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख रामलाल इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि थे।

विश्वविद्यालय को यह पुरस्कार भारत के राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) और राष्ट्रीय

शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम (एनईटीएफ) तथा एनएएसी (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन

परिषद) के अध्यक्ष प्रो. अनिल डी. सहस्रबुद्धे तथा वेटरंस इंडिया के संरक्षक, वेटरन्स

इंडिया के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बीके मिश्रा, वेटरंस इंडिया के राष्ट्रीय

समन्वयक प्रो. सुनील पारीक और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद् (एआईसीटीई) के अध्यक्ष

प्रो. टीजी सीथाराम की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार काे विश्वविद्यालय की राष्ट्रवाद, राष्ट्र निर्माण,

भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस), मूल्य-आधारित शिक्षा, सामुदायिक जुड़ाव और सामाजिक उत्तरदायित्व

में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए के लिए वेटरन्स इंडिया के प्रति कृतज्ञता

व्यक्त की है। उन्होंने प्राइड आॅफ नेशन 2025 के साथ ‘हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय’ सम्मान प्राप्त करने

पर सभी संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और गैर-शिक्षण स्टाफ को बधाई दी और इसे विश्वविद्यालय

के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सभी हितधारकों

के निरंतर, समर्पित और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है जो अपने-अपने क्षेत्रों में मेहनत

से कार्य कर रहे हैं।

प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय दिवस समारोह

औपचारिक आयोजनों से आगे बढ़कर विद्यार्थियों व शिक्षकों में देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों

और एकता की भावना को सक्रिय रूप से पोषित करते हैं। सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और

कृतज्ञता पर जोर देते हुए कुलपति ने संस्थान की सशस्त्र बल कर्मियों, शहीदों के परिवारों

और विकलांग सैनिकों के कल्याण एवं उत्थान के लिए समर्पित पहलों का उल्लेख किया, जिसमें

जागरूकता अभियान, सहायता कार्यक्रम और सामुदायिक साझेदारियां शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story