हरियाणा नगर निकाय चुनाव: 144 वार्डों में 10 मई को मतदान, 8.70 लाख मतदाता करेंगे वोट
-आठ लाख 70 हजार मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग-राज्य में 826 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
चंडीगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के चुनाव आयोग ने प्रदेश में होने वाले नगर निकाय आम चुनावों के तहत प्रदेश के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर समितियों के चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 144 वार्डों में 10 मई को मतदान होगा, जिसमें 8,70,925 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आयोग के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए 826 संभावित मतदान केंद्र स्थापित किए जाने का अनुमान है। इन चुनावों में कुल 8,70,925 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 4,53,047 पुरुष, 4,17,841 महिला तथा 37 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
उन्हाेंने बताया कि अंबाला नगर निगम के 20 वार्डों में चुनाव होगा। मेयर पद बीसी-बी (महिला) के लिए आरक्षित है। यहां 191 मतदान केंद्रों पर 1,98,224 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,02,654 पुरुष, 95,550 महिला तथा 20 अन्य मतदाता शामिल हैं।
पंचकूला नगर निगम के 20 वार्डों में चुनाव होगा। मेयर पद अनारक्षित है। यहां 204 मतदान केंद्रों पर 2,07,379 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,08,927 पुरुष, 98,447 महिला तथा 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। सोनीपत नगर निगम के 22 वार्डों में चुनाव होंगे। मेयर पद अनारक्षित है। यहां 264 मतदान केंद्रों पर 2,95,868 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 1,53,292 पुरुष, 1,42,569 महिला तथा 7 अन्य मतदाता शामिल हैं।
रेवाड़ी नगर परिषद के 32 वार्डों में चुनाव होगा। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित है। यहां 108 मतदान केंद्रों पर 1,15,157 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 59,142 पुरुष, 56,011 महिला तथा 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। उकलाना नगर समिति के 16 वार्डों में चुनाव होगा। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। यहां 16 मतदान केंद्रों पर 15,449 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 8,197 पुरुष और 7,252 महिला मतदाता शामिल हैं। सांपला नगर समिति के 16 वार्डों में चुनाव होगा। अध्यक्ष पद अनारक्षित है। यहां 16 मतदान केंद्रों पर 15,624 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 8,141 पुरुष और 7,483 महिला मतदाता शामिल हैं। धारूहेड़ा नगर समिति के 18 वार्डों में चुनाव होगा। अध्यक्ष पद अनारक्षित है। यहां 27 मतदान केंद्रों पर 23,224 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 12,694 पुरुष, 10,529 महिला तथा 1 अन्य मतदाता शामिल है।
प्रवक्ता ने यह भी बताया कि 6 निकायों में 6 वार्डों के लिए उपचुनाव भी करवाए जाएंगे। इन उपचुनावों के लिए 8 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां कुल 7,237 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 3,759 पुरुष और 3,478 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचित सभी निकायों में 10 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

