कुरुक्षेत्र में जल्द शुरू होगा बाईपास का निर्माण

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र के लिए बाईपास निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार रिंग रोड निर्माण के लिए सर्वे करवाने के लिए भी राजी हो गई है।

विधानसभा में बुधवार को थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा ने रिंग रोड बनाने का मुद्दा उठाया। मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि वे पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। कुरुक्षेत्र के बाईपास को केंद्रीय मंत्री ने मंजूरी दे दी है। अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र के धार्मिक महत्व को बताते हुए कहा कि गीता जयंती के अलावा कई मौकों पर यहां भीड़ रहती है। पूरा शहर जाम हो जाता है। शहर में रिंग रोड बनाए जाने की जरूरत है। इस पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रिंग रोड के लिए सर्वे करवाया जाएगा। अगर जरूरी हुआ तो इस संदर्भ में केंद्रीय मंत्रालय से बात भी की जाएगी।

पिहोवा से कांग्रेस विधायक मनदीप सिंह ने पिहोवा से कुरुक्षेत्र तक की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि करीब साढ़े 22 किमी की इस सड़क का पांच किलोमीटर पार्ट पूरी तरह से ठीक है। पांच किमी पर काम चल रहा है। बाकी की सड़क के निर्माण का काम एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगा। विधायक के आग्रह पर उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले इस सड़क को पूरा करवा दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story