हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया से छह हजार विवादित कंटेट हटाए
-डीजीपी ने गन कल्चर व अशोभनीय कंटेंट के प्रदर्शन पर दी चेतावनी
चंडीगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोशल मीडिया पर गन कल्चर और अशोभनीय एवं भ्रामक कंटेंट परोसने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी कंटेंट को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर एक जनवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आपत्तिजनक, भ्रामक और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कुल 6083 यूआरएल/कंटेंट/ऐप्स/वेबसाइट्स को हटवाया गया है। उन्होंने बताया कि मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सएप) से जुड़े 4278, यू ट्यूब से 1172, एक्स (पूर्व में ट्विटर) से 372, अन्य प्लेटफॉर्म से 167, टेलीग्राम से 53, रेडिट से 36 तथा स्नैपचैट से 5 आपत्तिजनक कंटेंट को हटाया गया है।
डीजीपी ने कहा कि हथियारों का महिमामंडन, हिंसा को बढ़ावा देने वाला कंटेंट, महिलाओं का अश्लील प्रदर्शन, बच्चों और लड़कियों के अभद्र व अशोभनीय चित्रण तथा हरियाणा और हरियाणवी समाज की गलत छवि प्रस्तुत करने वाले फर्जी कंटेंट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में योगदान दें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समाज में अशांति फैलाने, गलत संदेश देने या सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

