एसआईआर: हरियाणा में केवल 18,650 मतदाताओं का सत्यापन शेष

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का काम अंतिम पड़ाव में पहुंच गया है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रदेश के 99.91 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं और अब केवल 18 हजार 650 मतदाताओं का सत्यापन शेष रह गया है। 16 जिलों में घर-घर जाकर फील्ड वेरिफिकेशन का कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जबकि शेष छह जिलों में अंतिम चरण का काम जारी है।

राज्य निर्वाचन आयोग से मिली मंगलवार शाम तक की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के कुल 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 मतदाताओं में से 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 279 तक बीएलओ पहुंच चुके हैं। इनमें 01 लाख 72 लाख 8 हजार 810 मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं 34 लाख 28 हजार 469 मतदाता ऐसे मिले, जिनके फॉर्म विभिन्न कारणों से एकत्र नहीं हो सके और उन्हें 'अनकलेक्टेबल' श्रेणी में रखा गया है। यही दोनों श्रेणियां मिलकर 99.91 प्रतिशत कवरेज बनाती हैं।

फॉर्म डिजिटाइजेशन में फतेहाबाद पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। यहां 92.83 प्रतिशत मतदाताओं के फॉर्म डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल हो चुके हैं। इसके बाद महेंद्रगढ़ (91.33 प्रतिशत), चरखी दादरी (90.48 प्रतिशत), भिवानी (90.02 प्रतिशत) और सिरसा (89.96 प्रतिशत) का स्थान है। नूंह, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र और पलवल ने भी राज्य के औसत 83.31 प्रतिशत से बेहतर प्रदर्शन किया है। इन जिलों में डिजिटाइजेशन की रफ्तार अपेक्षाकृत तेज रही।

राज्य के बड़े शहरी और एनसीआर से जुड़े जिलों में डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी रही। गुरुग्राम सबसे पीछे है, जहां केवल 69.79 प्रतिशत फॉर्म ही डिजिटाइज हो सके हैं। इसके बाद फरीदाबाद (72.68 प्रतिशत), सोनीपत (80.32 प्रतिशत), पानीपत (80.64 प्रतिशत), रोहतक (80.81 प्रतिशत), झज्जर (81.88 प्रतिशत) और करनाल (82.42 प्रतिशत) का स्थान है। इसी तरह से पंचकूला में 76.12 प्रतिशत और अंबाला में 82.41 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो चुका है।

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और चरखी दादरी में बीएलओ सभी मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। अब केवल छह जिलों में मामूली काम बाकी है। इनमें गुरुग्राम में 12,918, फरीदाबाद में 3,684, हिसार में 1,657, करनाल में 223, झज्जर में 162 और पानीपत में केवल छह मतदाताओं का सत्यापन शेष है।

पूरे राज्य में इस अभियान के लिए 20,629 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई। सबसे अधिक 1,650 बीएलओ फरीदाबाद और 1,504 गुरुग्राम में लगाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story