हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी खोलेगी पांच ब्लड बैंक

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी खोलेगी पांच ब्लड बैंक


रोहतक, सिरसा, जींद, रेवाड़ी और गुरुग्राम में ब्लड बैंक खोलने का खाका तैयार

गुरुग्राम में शुरू होगी ब्लड कलेक्शन वैन

चंडीगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी ने रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रदेश में पांच ब्लड बैंक खोलने का खाका तैयार किया है। ब्लड बैंक से न केवल लोगों को आसानी से ब्लड मिल सकेगा, बल्कि प्लेटटेट्स और अन्य सुविधाएं भी मुहैया होंगी। इसके साथ ही, रेडक्रॉस सोसायटी एंबुलेंस सेवा के बाद जिलों में फ्री शव वाहन सेवा भी शुरू करेगी।

प्रदेशभर में 158 ब्लड बैंक हैं, जिसमें से 34 सरकारी और 124 प्राइवेट हैं। इसके अलावा पानीपत में रेडक्रास द्वारा एक ब्लक बैंक संचालित किया जा रहा है। अब पांच नए ब्लड बैंक खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। हर रोज सडक़ दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के साथ गर्भवती महिलाओं, थैलेसिमिया, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त व्यक्तियों को ब्लड की आवश्यकता पड़ती है। सरकारी ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता कम होने के चलते लोगों को प्राइवेट ब्लड बैंक से महंगे दामों पर प्रति यूनिट के हिसाब से ब्लड खरीदना पड़ता है।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी व राज्य महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने रविवार को चंडीगढ़ में बताया कि प्रदेश में रोहतक, सिरसा, जींद, रेवाड़ी और गुरुग्राम में ब्लड बैंक खोलने की योजना तैयार की है। इसके साथ ही, मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में ब्लड कलेक्शन वैन शुरू की जाएगी। इससे, रक्त एकत्र करने में मदद मिलेगी और औद्योगिक संस्थानों और मल्टीनेशनल कंपनियों में सहजता के साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे।

अंकुश मिगलानी ने बताया कि सभी 23 जिलों में एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी। अब सभी जिलों में फ्री शव वाहन सेवा शुरू की जाएगी। इसके प्रदेशभर में रक्त डिमांड की मैपिंग कराई जाएगी। यही नहीं, उन गंभीर बीमारियों की भी पहचान की जाएगी, जिनमें रक्त की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जिलावार कैंसर, थैलेसिमिया, गर्भवती महिलाओं का भी डाटा तैयार किया जाएगा, जहां पर ब्लड की सबसे ज्यादा जरूरत है, उसके अनुसार नए ब्लड बैंक खोलने की योजना तैयार की जाएगी। वर्ष 2026-27 में अब तक 5300 रक्तदान शिविरों में तकरीबन चार लाख यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story