हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया से हटाए 583 आपत्तिजनक लिंक

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया से हटाए 583 आपत्तिजनक लिंक


चंडीगढ़, 17 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध और आपत्तिजनक टिप्पणियाें के खिलाफ कार्रवाई के लिए डिजिटल अभियान शुरू किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, राष्ट्र-विरोधी, धर्म-विरोधी तथा समाज में तनाव और भ्रम फैलाने वाली पोस्ट डालने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि इस मुहिम के तहत अब तक कुल 1,018 लिंक और प्रोफाइल रिपोर्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 583 आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया कंपनियों द्वारा हटाया या ब्लॉक किया जा चुका है। शेष 435 की जांच चल रही है, जिन्हें जल्द ही टेक-डाउन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि साइबर टीम रोजाना उन पोस्टों, वीडियो, लिंक और प्रोफाइलों की पहचान कर रही है जिनमें गलत जानकारी, उकसाने वाली भाषा या सार्वजनिक शांति भंग करने वाला कंटेंट शामिल है। अजय सिंघल ने कहा कि ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर चल रहे संदिग्ध ऐप्स और चैनलों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए साइबर हरियाणा ने 12 जनवरी से एक विशेष अभियान शुरु किया है। इस अभियान के तहत अब तक 28 ऐसे ऐप्स और चैनलों की पहचान की जा चुकी है जिनके संचालन पर संदेह था। इनमें से 14 को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाया जा चुका है, जबकि शेष 14 पर टेक-डाउन की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत या भडक़ाऊ जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त है और किसी भी परिस्थिति में ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक या उकसाने वाली सामग्री समाज के सौहार्द और शांति के लिए सीधे खतरा पैदा कर सकती है। एडीजीपी साइबर क्राइम सिबाश कबिराज ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को सुरक्षित, जागरूक और भरोसेमंद डिजिटल वातावरण प्रदान करना है, ताकि सोशल मीडिया का उपयोग सही दिशा में हो सके। उन्होंने कहा की हमारा मानना है कि सोशल मीडिया एक शक्तिशाली मंच है, जिसे जिम्मेदारी से इस्तेमाल किया जाए तो यह समाज को जोडऩे, जानकारी फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story