हरियाणा: 5719 पंचायतों,144 पंचायत समिति और 3 जिप को 404 करोड़ जारी

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा: 5719 पंचायतों,144 पंचायत समिति और 3 जिप को 404 करोड़ जारी


-सीएम बोले,चार वर्षों में पंचायती राज संस्थाओं को 3,700 करोड़ किए जारी

चंडीगढ़, 1 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं को बड़ी सौगात देते हुए राज्य वित्त आयोग की दूसरी किस्त के रूप में 404 करोड़ 79 लाख रुपये की राशि जारी की। यह राशि सीधे 5,719 ग्राम पंचायतों, 144 पंचायत समितियों और तीन जिला परिषदों के खातों में स्थानांतरित की जाएगी। इस कदम से ग्रामीण अंचल के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर जन सुविधाओं के विस्तार को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह राशि जारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले चार वर्षों में पंचायती राज संस्थाओं को 3,700 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए दी है। इनमें से 3,300 करोड़ रुपये गांवों के बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं पर सीधे खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का दृष्टिकोण केवल धन आवंटन तक सीमित नहीं है, बल्कि 73वें संविधान संशोधन की भावना के अनुरूप पंचायतों को अधिक अधिकार, अधिक संसाधन और अधिक जिम्मेदारी सौंपना है। उन्होंने कहा कि जब गांवों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को संसाधन और अधिकार मिलते हैं, तो वे स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझ कर विकास के फैसले ले सकते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को एक दिन के लिए हरियाणा दौरे पर आ रहे है। इस दौरान कुरुक्षेत्र और रोहतक में उनके कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई। कुरुक्षेत्र में तीन नए कानूनों को लेकर प्रदर्शनी लगाई जा रही है और रोहतक में सहकारिता विभाग का कार्यक्रम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765254 Articles

Share this story