हरियाणा ओलंपिक एसाेसिएशन ने जींद व रेवाड़ी में स्टेडियम की बदहाली पर उपायुक्त से मांगा जवाब

WhatsApp Channel Join Now

तत्काल निरीक्षण कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

चंडीगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के दो सरकारी खेल स्टेडियमों की बदहाल व्यवस्था पर हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एचओए के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल तथा महासचिव और कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जींद और रेवाड़ी के जिला उपायुक्तों को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने को कहा है।

दोनों अधिकारियों से स्टेडियमों का तुरंत निरीक्षण कराने, सभी कमियों की पहचान करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर दोनों स्टेडियमों की दुर्दशा के वीडियो वायरल होने के बाद एचओए ने यह कार्रवाई की है।

जींद के जुलाना स्टेडियम में आपत्तिजनक सामान मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। यह वही स्टेडियम है, जिसकी बदहाली का मुद्दा ओलंपियन और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट पहले भी विधानसभा में उठा चुकी हैं। जींद के उपायुक्त को भेजे गए पत्र में एचओए ने कहा है कि यदि सोशल मीडिया पर सामने आए दृश्य सही हैं तो स्टेडियम की स्थिति न केवल बेहद चिंताजनक है बल्कि खेल प्रतिभाओं के प्रशिक्षण के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त भी है। पत्र में कहा गया है कि स्टेडियम में रखरखाव, प्रबंधन और बुनियादी खेल सुविधाओं की गंभीर कमी दिखाई देती है। ऐसी परिस्थितियां खिलाडिय़ों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता को प्रभावित करने के साथ उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और समग्र कल्याण पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं। एसोसिएशन ने डीसी से तत्काल निरीक्षण कर कमियां दूर कराने के साथ यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि जहां लापरवाही मिली है, वहां जिम्मेदारी भी तय की जाए।

रेवाड़ी के कोसली स्पोर्ट्स स्टेडियम को लेकर भेजे गए पत्र में एचओए ने विशेष रूप से वॉशरूम और चेंजिंग रूम की स्थिति पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र के अनुसार, ये सुविधाएं अत्यधिक गंदी, खराब रखरखाव वाली और खिलाडिय़ों के उपयोग के लिए अनुपयुक्त हैं। एसोसिएशन ने कहा कि ऐसी परिस्थितियां खिलाडिय़ों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमा से सीधा समझौता हैं। इसलिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर सुविधाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और खिलाड़ी-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए जाएं तथा आवश्यक सुधार प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।

दोनों पत्रों में एचओए अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने स्पष्ट कहा है कि हरियाणा के खिलाड़ी सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर खेल सुविधाओं के हकदार हैं। खेल परिसरों में बुनियादी सुविधाओं की कमी सीधे खिलाडिय़ों के प्रदर्शन, भागीदारी और मनोबल को प्रभावित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story