हरियाणा में निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई चुनाव समिति

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 07 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा में होने वाली नगर निगम चुनाव के लिए विपक्षी दल कांग्रेस ने बिगुल बजा दिया है। प्रदेश के अंबाला, पंचकूला एवं सोनीपत में किसी भी नगर निगम चुनावों का ऐलान हो सकता है। यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है कि मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाता है और औसतन सभी निगमों में एक से अधिक विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि कांग्रेस नगर निगम चुनाव पूरी दमखम के साथ लड़ेगी और जीत सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी ने चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से एक विशेष चुनाव समिति का गठन किया है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह समिति चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, प्रचार-प्रसार एवं चुनाव संबंधी औपचारिकताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों, विकास के एजेंडे और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर नगर निगम चुनावों में जीत का परचम लहराएगी।

इस चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, व प्रफुल्ल गुड्डे,चौ. धर्मपाल सिंह मलिक, वरुण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक चंद्रमोहन, निर्मल सिंह, शैली चौधरी, पूजा चौधरी, इंदु राज नरवाल के अलावा संबंधित जिला अध्यक्षों को शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story