राम मंदिर मामले की निष्पक्ष जांच कराए सरकार : राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर मामले की निष्पक्ष जांच कराए सरकार : राव नरेंद्र सिंह


नारनाैल, 03 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नारनौल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, महंगाई और भाजपा की आंतरिक राजनीति को लेकर सरकार को घेरा।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट में सोना, चांदी और नकदी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की बातें सामने आ रही हैं। पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में शिक्षा व्यवस्था पर परीक्षा माफियाओं का कब्जा होता जा रहा है। लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों पर जनता को जागरूक करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की भी मांग की। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही जनसरोकार के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी आठ जुलाई को चंडीगढ़ में बैठक करेंगे, जिसके बाद सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंवाद अभियान चलाएंगे।

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story