हिसार : राष्ट्रीय जूनियर रग्बी सेवन में हरियाणा की दमदार वापसी, 17वें स्थान पर पहुंची टीम
हिसार, 12 जुलाई (हि.स.)। हैदराबाद में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय जूनियर रग्बी
सेवन प्रतियोगिता में हरियाणा जूनियर लड़कों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी
रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। पिछले संस्करण में 24वें स्थान पर रहने वाली
टीम इस बार 17वें स्थान पर पहुंची। पांच मुकाबलों में तीन जीत दर्ज कर टीम ने भविष्य
के लिए मजबूत संकेत दिए।
प्रतियोगिता के शुरुआती दो मुकाबलों में हरियाणा को मजबूत प्रतिद्वंद्वियों
का सामना करना पड़ा। पहले मैच में कर्नाटक ने 12-0 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में
दिल्ली ने 43-0 से शिकस्त दी। हालांकि शुरुआती हार से निराश होने के बजाय खिलाड़ियों
ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन मैच जीतकर अपने जुझारूपन का परिचय दिया। हरियाणा
ने तमिलनाडु को 10-7 से रोमांचक मुकाबले में हराया, इसके बाद गोवा को 24-0 से एकतरफा
अंदाज में मात दी और अंतिम मैच में उत्तर प्रदेश को 12-0 से हराकर प्रतियोगिता का समापन
जीत के साथ किया।
सोनीपत रग्बी संघ के सचिव नरेंद्र सिंह मोर ने रविवार काे बताया कि टीम का यह प्रदर्शन
पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर रहा है। उन्होंने कहा कि 24वें स्थान से 17वें
स्थान तक पहुंचना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोचिंग स्टाफ के समर्पण का
परिणाम है। उनका विश्वास है कि यदि खिलाड़ियों को लगातार उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय
प्रतियोगिताओं में अवसर मिलते रहे तो हरियाणा की टीम जल्द ही पदक की प्रबल दावेदार
बनेगी।
पानीपत रग्बी संघ की अध्यक्ष बबीता सिंह ने खिलाड़ियों, मुख्य कोच अमन मलिक,
कोच राजेश तक्षक और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि लगातार तीन जीत के साथ प्रतियोगिता
का समापन करना हरियाणा रग्बी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हरियाणा
की सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर महिला टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष-10 रैंकिंग
में स्थान बनाया है, वहीं, जूनियर लड़कों की टीम ने निचले पायदान से उठकर 17वीं रैंक
हासिल की है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा की सीनियर पुरुष टीम पहले से ही राष्ट्रीय
चैंपियन है, जो राज्य में रग्बी के लगातार बढ़ते स्तर का प्रमाण है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

