हरियाणा में छह आईएएस एवं छह एचसीएस अधिकारियों का तबादला
चंडीगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से 6 आईएएस और 6 एचसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
आधिकारिक आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी अनिरुद्ध यादव को हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) का अतिरिक्त प्रबंध निदेशक तथा ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट, गुरुग्राम का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अन्य आईएएस अधिकारियों में अदिति सिंघानिया को एसडीएम ऐलनाबाद, राहुल कंवारिया (प्रशिक्षणाधीन) को एसडीएम पिहोवा, रुहानी (प्रशिक्षणाधीन) को एसडीएम फिरोजपुर झिरका, सुमन यादव (प्रशिक्षणाधीन) को एसडीएम उचाना कलां और योगेश दिलहोर (प्रशिक्षणाधीन) को एसडीएम डबवाली लगाया गया है।
एचसीएस अधिकारियों में चरखी-दादरी जिला परिषद के सीईओ विजेंद्र हुड्डा को जिला नगर आयुक्त, चरखी-दादरी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वेद प्रकाश को नगर निगम हिसार का अतिरिक्त आयुक्त, लक्ष्मी नारायण को शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नल्हड़ (नूंह) का संयुक्त निदेशक (प्रशासन), रमित यादव को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा), गुरुग्राम का संयुक्त निदेशक, गुरविंदर सिंह को एसडीएम नारनौल और पारस भगोरिया को नगर निगम करनाल का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

