हांसी जंक्शन पर यात्रियों के उतरने से पहले चल पड़ी हरियाणा एक्सप्रेस
चेन पुलिंग के बाद रुकी ट्रेन, बड़ा हादसा टला
हांसी, 22 जुलाई (हि.स.)। हांसी रेलवे स्टेशन
पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिल्ली से वाया गुरुग्राम आ रही हरियाणा एक्सप्रेस यात्रियों
के पूरी तरह उतरने से पहले ही चल पड़ी। ट्रेन के अचानक चलने से कई यात्री घबरा गए।
कुछ यात्री ट्रेन के अंदर ही रह गए, जबकि कई लोग खिड़कियों से लटक गए। स्थिति को देखते
हुए एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, जिसके बाद बाकी यात्री सुरक्षित नीचे
उतर सके। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।
मामले में एक यात्री ने स्टेशन मास्टर को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग
की है।
गांव डाटा निवासी बिल्लू ने अपनी शिकायत में बताया
कि वह अपने परिवार के साथ हरियाणा एक्सप्रेस से हांसी लौट रहे थे। ट्रेन करीब ढाई घंटे
की देरी से मंगलवार रात लगभग एक बजे हांसी रेलवे स्टेशन पहुंची। उस समय प्लेटफॉर्म
पर पहले से दो अन्य ट्रेनें खड़ी थीं, जिसके चलते हरियाणा एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म
से पहले खाली ट्रैक पर रोक दिया गया। बिल्लू के अनुसार प्लेटफॉर्म न होने के कारण अधिकांश
यात्रियों को लगा कि अभी हांसी स्टेशन नहीं आया है। कुछ देर बाद ट्रेन को प्लेटफॉर्म
तक लाया गया। जैसे ही यात्रियों को स्टेशन आने का पता चला, वे जल्दबाजी में ट्रेन से
उतरकर खाली ट्रैक के रास्ते प्लेटफॉर्म की ओर जाने लगे। इसी दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी,
जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई यात्री ट्रेन
के अंदर ही रह गए, जबकि कुछ लोग खिड़कियों से लटके रह गए। कई यात्रियों का सामान भी
ट्रेन में छूट गया, जिसे बाद में अंदर मौजूद यात्रियों ने खिड़कियों से ट्रैक पर फेंका।
बिल्लू ने बताया कि उन्होंने दौड़कर लोको पायलट से ट्रेन रोकने का प्रयास किया। इसी
बीच किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी, जिसके बाद ट्रेन रुक गई और शेष यात्री सुरक्षित
नीचे उतर सके।
बिल्लू ने बताया कि उसके साथ ट्रेन में परिवार
में बुजुर्ग महिलाएं भी थीं, जो इस घटना से बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने कहा कि गनिमत
रही कि जिस समय यात्री ट्रैक पार कर रहे थे, उस दौरान दूसरी लाइन पर कोई ट्रेन नहीं
आई। यदि उस समय दूसरी ट्रेन गुजरती या कोई यात्री चलती ट्रेन से गिर जाता तो बड़ा हादसा
हो सकता था।
घटना के बाद बिल्लू ने स्टेशन मास्टर को लिखित
शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों
के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बुधवार को स्टेशन मास्टर से संपर्क
करने पर उन्होंने बताया कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर फिलहाल विश्राम
पर हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत
कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

